गोरखपुर में CM योगी ने किया रुद्राभिषेक

यूूपी में सरकार ने धार्मिक स्थलों को फिर से खोलने की अनुमति दी है। एहतियाती उपायों के साथ अब सभी धार्मिक स्थलों को खोले जाने के सिलसिला शुरू हो गया है। मंदिरों में समूह गायन की अनुमति नहीं है जबकि मूर्तियों और पवित्र पुस्तकों आदि को छूने की अनुमति नहीं है।
सोमवार सुबह मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा में लोग फिजिकल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए पहुंचे। लोगों ने वहां पर पूजा-अर्चना, नमाज तथा अरदास की। चर्च में भी काफी लोग पहुंचे हैं।

गोरखपुर में सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद लोग बड़ी संख्या में कतार में खड़े होकर दर्शन के लिए इंतजार करते हुए मंदिर में पहुंचे। गेट पर ही लोगों को सेनेटाइज किया जा रहा है। इसके साथ ही बिना मास्क के किसी को भी प्रवेश की इजाजत नहीं है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मन्दिर में रुद्राभिषेक किया। मंदिर के शक्तिपीठ में आयोजित इस आनुष्ठानिक पूजन को प्रधान पुरोहित आचार्य रामानुज त्रिपाठी वैदिक ने वेदपाठी ब्राह्मणों के साथ सम्पन्न कराया। इससे पहले मुख्यमंत्री ने गुरु गोरखनाथ की वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना की और अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ के समाधि स्थल पर जाकर आशीर्वाद लिया।