अखिलेश यादव का योगी सरकार पर करारा हमला

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि सपा सरकार के समय प्रदेश जितना आगे गया था, भाजपा सरकार की अदूरदर्शी नीतियों के चलते उतना पीछे चला गया है। भाजपा नेतृत्व के पास न कोई लक्ष्य है और न ही कोई विजन। वह अब तक अपनी एक भी योजना लागू नहीं कर सकी है। उन्होंने कहा कि हमें गांव-गांव और घर-घर जाकर जनता को भाजपा के झूठे दावों की सच्चाई बतानी होगी।

शुक्रवार को पार्टी के वरिष्ठ सहयोगियों के साथ राजनीतिक चर्चा में अखिलेश ने कहा कि भाजपा के झूठे वादों की अब जनता में पोल खुलती जा रही है। सपा अपने मजबूत संगठन और जुझारू कार्यकर्ताओं की ताकत से भाजपा को टक्कर देने में सक्षम है। अखिलेश ने कहा कि प्रदेश की जनता को विकल्प देने के लिए हमें 351 के लक्ष्य के साथ विधानसभा चुनाव-2022 की तैयारी में कोई कसर नहीं छोड़नी है।

प्रदेश में कानून व्यवस्था, फर्जी एनकाउंटर, किसानों की स्थिति, नौजवानों के भविष्य और कोरोना संकट के दौर में लॉकडाउन से उत्पन्न हालात पर अखिलेश ने सबके विचार भी जाने। कहा गया कि जब सत्ता दल के विधायक-सांसद व महापौर अधिकारियों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगा रहे हैं और उनकी सुनवाई नहीं हो रही तो जनसामान्य की क्या पूछ होगी? प्रदेश में माफिया, नेता और नौकरशाही के गठजोड़ से अपराध थम नही रहे हैं। चर्चा में पूर्व विधानसभाध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय, मनोज पांडेय, अभिषेक मिश्र, राजेंद्र चौधरी व प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल शामिल थे।