रक्षाबंधन पर यूपी रोडवेज ने दिया ​बहनों को तोहफा


उत्तर प्रदेश सरकार ने रक्षाबंधन पर्व पर बहनों को निशुल्क रोडवेज बस सेवा की सौगात दी है। रक्षाबंधन पर्व पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में इस वर्ष भी महिलाओं को निशुल्क बस सेवा का तोहफा दिया है। प्रदेश के हर जिले से निगम की बसों में महिलाएं मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। इसके तहत दो अगस्त कि मध्य रात्रि 12:00 बजे से 3 अगस्त मध्य रात्रि 12:00 बजे तक मुफ्त सेवा का लाभ उठाया जा सकेगा।

रक्षाबंधन विशेष के रूप में पूरे प्रदेश के सभी बस अड्डों से कुल 9,200 बसों का संचालन होगा। इनमें से 3,200 बसें अतिरिक्त सेवाओं के रूप में संचालित होंगी। इस आशय के आदेश प्रबंध निदेशक डॉ. राजशेखर ने क्षेत्रीय प्रबंधकों, सेवा प्रबंधकों एवं एआरएम को जारी कर दिए हैं। यात्री बढ़ने पर रिजर्व की बसों का इस्तेमाल किया जाएगा।

परिवहन निगम प्रबंधन ने हांलाकि ये भी स्पष्ट किया है कि सीटों से अधिक यात्री बसों में नहीं बैठाए जाएंगे। बस में जितनी बैठने के लिए सीट होगी उतने ही यात्री जा सकेंगे। संख्या अधिक होने पर यात्री दूसरी बस का इस्तेमाल करेंगे। बसों में खडे़ होकर यानी स्टैंडिंग सफर नहीं किया जाएगा।