यूपी के अलावा उत्तराखंड पर भी अखिलेश यादव की नजर, 2022 के लिए बनाया खास प्लान !

लखनऊ : 2022 मेें समाजवादी पार्टी न केवल मिशन 2022 के लिए कमर कस रही है वल्कि देवभूमि उत्तराख्ंड की सियासत पर भी चमकने की कोशिशें पार्टी  ने शुरू कर दी हैं। एक ओर जहां अखिलेश यादव पूरी तरह से यूपी पर फोकस किए हुए हैं वहीं अब पार्टी के अन्य बडे नेताओं को उत्तराखंड को लेकर भी सक्रिय कर दिया गया है।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी मिशन उत्तराखंड को लेकर रूद्रपुर पहुंचे। यहां पार्टी के कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी इस बार उत्तराखंड की सभी 70 सीटों पर प्रत्याशी उतारेगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता एक बार सपा पर भरोसा करे तो यहां बेरोजगारी दूर करने के साथ नये उद्योगों के विकास और पलायन पर रोक की नीति लागू करेंगे।

एक रिजॉर्ट में पत्रकारों से खास बातचीत करते हुए उन्होंने कहाकि 21 साल बाद भी उत्तराखंड में जनता की उम्मीदें पूरी नहीं हुयी हैं। भाजपा हो या कांग्रेस, दोनों दलों की सरकारों ने जनता के लिये कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि मौजूदा भाजपा सरकार के कार्यकाल में युवा, किसान, समाज का हर वर्ग परेशान है। जमीनी विकास नजर नहीं आता। युवाओं को रोजगार नहीं मिलने से गांव खाली हो गये हैं।

उन्होने कहाकि यूपी में सपा ने सुशासन देकर दिखाया है। 2022 में वहां फिर सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में भी सपा सरकार बनाने की तैयारी में है। सपा के उम्मीदवारों का चयन पार्टी मुखिया अखिलेश यादव खुद करेंगे। उन्होंने कहा कि अब तक दस जिलों में जिलाध्यक्ष बनाये जा चुके हैं, बाकी में भी जल्द मनोनयन होगा। पार्टी बूथ स्तर तक संगठन तैयार करेगी।

अब उत्तराखंड के चुनाव में सपा कितना सफल हो पाती है और चुनाव के समय तक कितना माहौल अपने पक्ष में कर पाती है ये तो आने वाला समय ही बताएगा।