साइकिल की सवारी छोड़ रितु सिंह ने थामा कांग्रेस का हाथ

लखनऊ : यूपी चुनाव से पहले सियासी चहलकदमी के दौर में रितु सिंह ने समाजवादी पार्टी छोड़ कांग्रेस का दामन थाम लिया है। ये वही रितु सिंह हैं, जिनकी साड़ी खींचने की तस्वीर यूपी के पंचायत चुनाव में सबके सामने आई थी। रितु सिंह, प्रियंका गांधी से मुलाकात के बाद कांग्रेस में शामिल हो गईं।

कांग्रेस के जिलाध्यक्ष प्रहलाद पटेल ने बताया कि रितु पिछले एक हफ्ते से कांग्रेस के नेताओं के साथ संपर्क में थीं। उनके ससुर ने कांग्रेस में शामिल होने के सिए संपर्क किया था। राजनीति के जानकार मानते हैं कि रितु सिंह के आने से कांग्रेस को मजबूती मिलेगी, उन्हें महिलाओं के खिलाफ उत्पीड़न और अत्याचार के मुद्दे पर आगे किया जा सकता है।

पार्टी में शामिल होने के साथ ही रितु सिंह ने कांग्रेस महासचिव की तारीफ करते हुए कहा कि प्रियंका गांधी महिलाओं के खिलाफ हो रहे अत्याचारों के मामले में खुलकर आवाज उठाती हैं, जबकि समाजवादी पार्टी ऐसा नहीं करती है। उन्होंने कहा कि जिस वक्त मेरे साथ कोई नहीं खड़ा था, तब प्रियंका खुद उनके सम्मान को मजबूती देने के लिए आगे आईं थी। जिसको देखने के बाद मैंने तय किया कि अब प्रियंका गांधी के साथ खड़े रहना है।

रितु सिंह के कांग्रेस में आने से प्रदेश स्तर पर महिला संगठन को धार मिलेगी। इनके जरिए कांग्रेस के पास घर घर तक महिलाओं के उत्पीड़न के मुद्दे को पहुंचाया जा सकता है। ऐसे में उन्हें विधानसभा चुनावों में टिकट दिया जाएगा या नहीं, यह तो समय तय करेगा लेकिन चुनावों में उनको अहम जिम्मेदारी जरूर मिलने की संभावना है। कांग्रेस में शामिल होने से पहले प्रियंका गांधी ने रितु सिंह से काफी देर तक बात की थी।


आपको बता दें कि ये वही रितु सिंह हैं जिनके साथ कथित तौर पर भाजपा नेताओं पंचायत चुनाव के दौरान बदसलूकी की थी। लखीमपुर जिले में ब्लॉक प्रमुख के नामांकन का सिलसिला चल रहा था। पसगंवा ब्लॉक में तीन प्रत्याशी नामांकन दाखिल करने पहुंचे थे। जब सपा समर्थित प्रत्याशी रितु सिंह नामांकन कराने के लिए पहुंची तो गेट के बाहर ही धक्का मुक्की की स्थिति बनने लगी। रितु सिंह की प्रस्‍तावक महिला की साड़ी खींचने की कोशिश की गई थी। रितु सिंह के अलावा अनीता यादव की साड़ी खींचने का मामला भी सामने आया था। इन घटनाओं की तस्वीरें सामने आने के बाद जमकर सियासी संग्राम हुआ था। इस मामले पर बीजेपी की खासी किरकिरी हुई थी।