चुनाव से पहले बसपा और कांग्रेस नेताओं की सपा में एंट्री

लखनऊ : चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी लगातार अपना कुनवा बढाने में लगी हुई है। कल फिर कई दलों के नेता और कार्यकर्ता अखिलेश यादव की मौजूदगी में पार्टी में शामिल हो गए। इनमें पूर्व विधायक भगेलू राम, एएमयू कोर्ट के सदस्य आजम मीर खां, सेवानिवृत्त आयकर आयुक्त सुवचन राम समेत कई नेताओं के नाम शामिल हैं।


कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष (अनुसूचित जाति सेल) सुरेन्द्र सिंह गौतम, आल इण्डिया मुस्लिम बंजारा समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना मोहम्मद असलम वारसी ने भी अपने साथियों के साथ समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। ईसाई समाज के फादर रेवरेंट सी.एल मैसी और पास्टर इंचार्ज रेवरेंट रितेश जोशुआ के साथ समाज के लोगों ने अखिलेश यादव के समक्ष सपा में शामिल हो गए।

 ईसाई पादरियों ने कहा कि उन सबका अखिलेश यादव पर भरोसा है और वे सब उनको मुख्यमंत्री बनाने के लिए एकजुट प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा भाजपा गिरजाघरों पर हमला कर रही है और धर्मांतरण के झूठे बहाने से ईसाई समाज को परेशान किया जा रहा है। अखिलेश यादव ने सभी ईसाई समाज के सम्मानित प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर उन्हें सम्मान मिलेगा।

इससे पहले फरेंदा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व बसपा प्रत्याशी बेचन निषाद ने भी अपने समर्थकों के साथ बसपा का दामन छोड़ सपा का दामन थाम लिया।
उन्होंने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को भरोसा दिलाते हुए कहा कि रात दिन एक कर के समाजवादी पार्टी को मजबूत करने का काम करूंगा। उन्होंने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी में मैं एक सिपाही की तरह जो अपना फर्ज और दायित्व होता है उसे निभाने का काम करूंगा। इसके अलावा आज सपा मुख्यालय पर अखिल भारतीय विश्वकर्मा महासभा का सम्मेलन भी आयोजित किया गया।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि-भाजपा सरकार ने हर व्यक्ति का अपमान किया है। छह महीने बाद होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा सरकार का सफाया हो जाएगा।अखिलेश यादव ने भाजपा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर विश्वकर्मा समाज को अपमान करने का आरोप लगाते हुए कहा कि यूपी में सत्ता आने पर सपा विश्वकर्मा पूजा की छुट्टी फिर से बहाल करेगी। उन्होंने कहा कि लखनऊ में गोमती नदी के किनारे भगवान विश्वकर्मा के भव्य मंदिर का निर्माण भी कराया जाएगा। भाजपा सरकार पर हमलावर हुए अखिलेश यादव ने कहा कि ऐसा लगता है कि भाजपा झूठ का ट्रेनिंग सेंटर चला रही है। जनता को गुमराह करने के लिए अफवाहें फैलाई जा रही हैं। उन्होंने इस बार भाजपा सरकार का सफाया होने का भी दावा किया।