उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव पर कोरोना का खतरा,मुख्यमंत्री योगी और कांग्रेस ने अपने कार्यक्रम किए रद्द!

लखनऊ : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव पर कोरोना का असर अब दिखाई देने लगा है। चुनावी रैलियों पर उठ रहे सवालों के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी एक अहम रैली को रद्द कर दिया है।

दूसरी ओर कांग्रेस ने बढ़ते कोरोना को देखते हुए एक बडा फैसला लिया है। कांग्रेस ने अपने सभी चुनावी कार्यक्रमों को आगमी सूचना तक रद्द कर दिया है। यह फैसला यूपी के बरेली में कांग्रेस की ’लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ मैराथन में सैंकड़ों की संख्या में बिना मास्क के लड़कियों और महिलाओं के हिस्सा लेने और भगदड़ जैसे हालात बनने के बाद लिया गया है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी नोएडा में गुरुवार को होने वाली रैली को रद्द कर दिया है। नोएडा में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यह फैसला लिया है। उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा कोरोना के नए केस नोएडा में दर्ज किए गयें हैं।

 योगी आदित्यनाथ अपने कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री मेरठ मंडल के लगभग 2000 छात्रों को टैबलेट और स्मार्टफोन का वितरण करने वाले थे। इस दौरान मुख्यमंत्री नोएडा प्राधिकरण की करीब 400 करोड़ रुपए की परियोजनाओं तथा ग्रेटर नोएडा के लिए करीब 600 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का शुभारंभ व लोकार्पण करने वाले थे।

कांग्रेस की तरह क्या भारतीय नता पार्टी भी अपने सभी चुनावी कार्यक्रमों को रद्द करेगी अभी यह स्पष्ट नहीं है। चुनावी रैलियों में हजारों की संख्या में लोग पहुंच रहे हैं, ऐसे में कोविड-19 प्रोटोकॉल सुनिश्चित करना आसान नही होता है। भारत में कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन के बढ़ते मामलों के बीच इतनी भीड़ जुटना एक चिंता की वजह है।

 योगी आदित्यनाथ की रैली रद्द होने के बाद अब समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर भी लोगों की नजरें हैं। 8 तारीख को अखिलेश को अयोध्या जाना है और वहीं अपनी विजय यात्रा निकालनी है।