हमले के बाद करहल से भाजपा प्रत्याशी एसपी बघेल को मिली जेड कैटेगरी की सुरक्षा

लखनऊ : मैनपुरी की करहल विधानसभा सीट से पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के सामने चुनावी मैदान में उतरे केंद्रीय मंत्री एसपी बघेल को जेड कैटेगरी की सुरक्षा दी गई है।चुनाव प्रचार के दौरान हुए हमले के बाद एसपी बघेल को सुरक्षा दी गई है। सीआईएसएफ के जवान बघेल की सुरक्षा करेंगे।

 मंगलवार की शाम केंद्रीय मंत्री एसपी बघेल के काफिले पर हमला हुआ था। ये हमला उस वक्त हुआ जब बघेल पैरार शाहपुर में प्रचार से लौट रहे थे। बघेल ने दावा किया कि सैकड़ों लोगों ने उनकी गाड़ियों पर लाठी और डंडों से हमला किया। एसपी सिंह बघेल ने एसपी मैनपुरी को फोन कर हमले की सूचना दी थी। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले हमलावर फरार हो गए।

भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर हमले का आरोप लगाया है।अखिलेश यादव भी करहल सीट से विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने आरोप लगाते हुए कहा कि अखिलेश ने चुनाव में हार के डर से ये हमला करवाया। वहीं, यूपी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा है कि अखिलेश यादव हार की कगार पर खड़े हैं, इसीलिए हमला करवाया गया है।