डिप्टी सीएम ने कोरोना पर सरकार के काम पर खुशी जताई

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए विचार कणिका कार्यक्रम को संबोधित किया। वर्तमान परिप्रेक्ष्य में सेवा कार्य विषय पर अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि नर सेवा ही नारायण सेवा है।

अंत्योदय के प्रणेता दीनदयाल उपाध्याय ने कहा था दरिद्र नारायण यानि गरीब को उन्होंने नारायण की उपाधि दी थी। जनसंघ से भाजपा तक पार्टीजनों ने हमेशा सेवा की है। कोरोना के इस चुनौतीपूर्ण दौर में बूथ से लेकर प्रदेशाध्यक्ष तक ने जो सेवा की है वह प्रशंसनीय है।

उन्होंने कहा कि सेवा कार्य कभी बताना नहीं चाहिए, लेकिन राजनीतिक दल के रूप में बताना भी आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि आप लोगों ने ही केंद्र से लेकर प्रदेश तक सरकार बनाई और लोगों की सेवा की। किसी को भूखा नहीं रहने दिया।

पार्टी ने पांच करोड़ से अधिक लोगों को उप्र में राशन व भोजन बांटा। 90 लाख मास्क बांटे और पीएम केयर्स में 60 करोड़ का दान किया।

उन्होंने कहा कि जिस प्रकार हनुमानजी और लक्ष्मणजी ने भगवान राम की सेवा की थी, वैसे ही हम सबको जनता की सेवा करनी है। यही वास्तविकता में असली अंत्योदय होगा।

कार्यक्रम को प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह तथा प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने भी संबोधित किया। प्रदेश महामंत्री सलिल विश्नोई, प्रकाश पाल, देवेश कोरी, क्षेत्रीय अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह, भवानी सिंह, सुनील बजाज, डॉ. वीना आर्या, कृष्ण मुरारी शुक्ला, मोहित पांडेय भी कार्यक्रम से जुड़े रहे।